पुराना विधान

नया विधान

यहेजकेल 10:6-18 हिंदी पवित्र बाइबल (HHBD)

6. जब उसने सन के वस्त्र पहिने हुए पुरुष को घूमने वाले पहियों के भीतर करूबों के बीच में से आग लेने की आज्ञा दी, तब वह उनके बीच में जा कर एक पहिये के पास खड़ा हुआ।

7. तब करूबों के बीच से एक करूब ने अपना हाथ बढ़ा कर, उस आग में से जो करूबों के बीच में थी, कुछ उठा कर सन के वस्त्र पहिने हुए पुरुष की मुट्ठी में दे दी; और वह उसे ले कर बाहर चला गया।

8. करूबों के पंखों के नीचे तो मनुष्य का हाथ सा कुछ दिखाई देता था।

9. तब मैं ने देखा, कि करूबें के पास चार पहिये हैं; अर्थात एक एक करूब के पास एक एक पहिया है, और पहियों का रूप फीरोज़ा का सा है।

10. और उनका ऐसा रूप है, कि चारों एक से दिखाई देते हैं, जैसे एक पहिये के बीच दूसरा पहिया हो।

11. चलने के समय वे अपनी चारों अलंगों के बल से चलते हैं; और चलते समय मुड़ते नहीं, वरन जिधर उनका सिर रहता है वे उधर ही उसके पीछे चलते हैं और चलते समय वे मुड़ते नहीं।

12. और पीठ हाथ और पंखों समेत करूबों का सारा शरीर और जो पहिये उनके हैं, वे भी सब के सब चारों ओर आंखों से भरे हुए हैं।

13. मेरे सुनते हुए इन पहियों को चक्कर कहा गया, अर्थात घूमने वाले पहिये।

14. और एक एक के चार चार मुख थे; एक मुख तो करूब का सा, दूसरा मनुष्य का सा, तीसरा सिंह का सा, और चौथा उकाब पक्षी का सा।

15. और करूब भूमि पर से उठ गए। ये वे ही जीवधारी हैं, जो मैं ने कबार नदी के पास देखे थे।

16. और जब जब वे करूब चलते थे तब तब वे पहिये उनके पास पास चलते थे; और जब जब करूब पृथ्वी पर से उठने के लिये अपने पंख उठाते तब तब पहिये उनके पास से नहीं मुड़ते थे।

17. जब वे खड़े होते तब ये भी खड़े होते थे; और जब वे उठते तब ये भी उनके संग उठते थे; क्योंकि जीवधारियों की आत्मा इन में भी रहती थी।

18. यहोवा का तेज भवन की डेवढ़ी पर से उठ कर करूबों के ऊपर ठहर गया।

पूरा अध्याय पढ़ें यहेजकेल 10